Breaking News

बाबतपुर एयरपोर्ट पर अकासा एयर के यात्री से लाखों की नकदी बरामद, आयकर विभाग ने शुरू की पूछताछ

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर बुधवार को नवी मुंबई से वाराणसी पहुंचे अकासा एयर के एक यात्री के पास जांच के दौरान लाखों रुपये की नकदी मिलने से हड़कंप मच गया। नकदी बरामद होने के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने इसकी सूचना आयकर विभाग को दी। मौके पर पहुंची टीम ने यात्री से रकम के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों को लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बरामद नकदी की वास्तविक राशि और उसके स्रोत की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर निवासी सचिन सिंह बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे अकासा एयर के विमान से नवी मुंबई से वाराणसी पहुंचा था। एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास बड़ी मात्रा में नकदी मिली। इसके बाद अधिकारियों ने यात्री को रोककर रकम के संबंध में जानकारी जुटाई और संबंधित विभागों को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग की टीम एयरपोर्ट पहुंची। बताया गया कि टीम ने विजिटर एरिया में बने एक कमरे में यात्री से पूछताछ की। अधिकारियों ने नकदी रखने के कारण, रकम के स्रोत और उससे संबंधित कागजात के बारे में जानकारी मांगी। पूछताछ के दौरान यात्री से रकम से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जवाब लिए गए। काफी देर तक पूछताछ के बाद यात्री को फूलपुर थाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, देर शाम तक आयकर विभाग या एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से बरामद नकदी की सटीक राशि को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। रकम वैध है या नहीं और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था, यह भी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
आयकर विभाग की टीम फिलहाल नकदी के स्रोत और यात्री द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में रकम के संबंध में वैध दस्तावेज सामने आने पर उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, यदि नकदी के स्रोत को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। एयरपोर्ट पर बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की सूचना के बाद काफी देर तक सुरक्षा और जांच एजेंसियों की गतिविधियां जारी रहीं। मामले को लेकर एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों और कर्मचारियों के बीच भी चर्चा बनी रही।

Check Also

जिला कारागार में मनो-सामाजिक सेवा केंद्र शुरू, बंदियों के पुनर्वास और पुनः एकीकरण पर रहेगा जोर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू), लखनऊ परिसर और उत्तर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *