वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अजय जैन को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार आरोपी प्रयागराज के नवाबगंज थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
एसटीएफ के मुताबिक अजय जैन पुत्र मंदर जैन मूल रूप से ममता इन्क्लेव, जीरकपुर, जिला एसएएस नगर मोहाली, पंजाब का निवासी है। टीम ने उसे सात अगस्त की शाम करीब 7:15 बजे एनएच-44 चंडीगढ़-दिल्ली हाईवे स्थित इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1, बड़ी गन्नौर, जिला सोनीपत से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और 2060 रुपये नकद बरामद हुए। एसटीएफ को फरार और पुरस्कार घोषित अपराधियों के संबंध में लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में प्रयागराज फील्ड इकाई को अजय जैन की तलाश की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम ने सूचना जुटाई। जानकारी मिलने पर उपनिरीक्षक रणेंद्र कुमार सिंह और पुलिसकर्मियों की टीम ने सोनीपत पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में एसटीएफ के अनुसार अजय जैन ने शराब तस्करी से जुड़े गिरोह के बारे में जानकारी दी। पुलिस का दावा है कि गिरोह के सदस्य विभिन्न राज्यों में अवैध शराब भेजते थे और उसे ट्रकों में अन्य सामान के बीच छिपाकर ले जाया जाता था।
एसटीएफ के अनुसार वर्ष 2023 में सड़े अंडों की आड़ में ट्रक से अवैध शराब बिहार और झारखंड ले जाने का मामला प्रयागराज में पकड़ा गया था। इस मामले में नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था और अजय जैन वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था।
गिरफ्तार आरोपी को सोनीपत के संबंधित थाने में दाखिल करने के बाद प्रयागराज के मुकदमे में न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की गई।