वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान और रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के निर्देश और मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में चल रहे अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों और चिकित्सालयों में यात्रियों, मरीजों, कर्मचारियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सात अगस्त को रेलवे चिकित्सालय गोंडा में डॉ. मोरे, डॉ. एसके मिश्रा और डॉ. सत्यजीत ने लोगों को स्वच्छता का महत्व बताया। उन्होंने लोगों से कूड़ा इधर-उधर न फेंककर निर्धारित डस्टबिन में डालने, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और कचरे के उचित सेग्रीगेशन व निस्तारण की अपील की। वहीं आठ अगस्त को मंडल चिकित्सालय बादशाहनगर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र के निर्देशन और अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनीता गुप्ता के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें मरीजों, कर्मचारियों और आमजन से स्वच्छता अपनाने का आह्वान किया गया। लोगों को पानी से फैलने वाली बीमारियों के प्रति सचेत करते हुए स्वच्छ पानी, खानपान और वातावरण के महत्व की जानकारी दी गई। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर जागरूकता रैलियों के माध्यम से यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को रेलवे परिसर साफ रखने का संदेश दिया जा रहा है। स्वच्छता संबंधी नारों, उद्घोषणाओं और जनसंपर्क गतिविधियों के जरिए लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छ भारत अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का लक्ष्य स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त रेल परिसर तैयार करना है। इसके लिए यात्रियों से सहयोग की अपील की गई है।