वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ में पवित्र कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का स्वागत करते हुए हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ आगे बढ़ रही कांवड़ यात्रा पूरे प्रदेश में भक्ति का वातावरण बना रही है। कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समता और राष्ट्रीय एकता का भी संदेश देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। सावन की शिवरात्रि तक गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच करीब चार से साढ़े चार करोड़ श्रद्धालुओं के गंगाजल लेकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करने का अनुमान है। मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर और बागपत के पुरामहादेव मंदिर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न शिवालयों में कांवड़िये जलाभिषेक करेंगे।
योगी ने कहा कि दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से शिवभक्त कांवड़ यात्रा में शामिल हुए हैं। जाति, प्रांत और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर श्रद्धालुओं का एक साथ भगवान शिव की भक्ति में आगे बढ़ना सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। मार्गों पर सहायता एवं सेवा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। समाजसेवी संगठनों की ओर से लगाए गए शिविरों में भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ियों के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने हवाई अवलोकन के दौरान कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करते हुए भगवान शिव से देश-प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और सौहार्द की कामना की।