Breaking News

श्रावण के प्रथम सोमवार पर बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं के लिए चाक-चौबंद इंतजाम

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
वाराणसी। श्रावण माह 2026 के प्रथम दिवस पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से भगवान श्री विश्वेश्वर के दर्शन कर जलाभिषेक किया तथा पुण्य लाभ अर्जित किया।
श्रावण माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने सुरक्षा, सुविधा और दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के सभी प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों पर प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को कतारबद्ध एवं सुगम दर्शन कराए जा सकें। मंदिर प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए धाम परिसर में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर शुद्ध पेयजल, ग्लूकोज, ओआरएस और विश्राम की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी या भीड़ के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि श्रावण माह के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि की संभावना को देखते हुए नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल निर्णय लेकर व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाया जा रहा है। मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें और सुरक्षित व सुगम दर्शन व्यवस्था में सहयोग दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पूरे श्रावण मास में प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और दिव्य दर्शन का अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

Check Also

श्रावण के पहले दिन मंदिर प्रशासन की तत्परता, बिछड़ी श्रद्धालु महिला को सकुशल परिजनों से मिलवाया

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वाराणसी। श्रावण मास 2026 के प्रथम दिवस पर बाबा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES