– प्रकृति की विविधता ही जीवन की असली संपदा – केशव प्रसाद मौर्य
– विश्व जैव विविधता दिवस पर उप मुख्यमंत्री ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस’ के अवसर पर प्रदेशवासियों और प्रकृति प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति की विविधता ही जीवन की वास्तविक संपदा है और इसका संरक्षण मानव जीवन के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे, वन्य जीव, जल स्रोत और सूक्ष्म जीव मिलकर पृथ्वी पर जीवन का संतुलन बनाए रखते हैं। यदि किसी एक प्रजाति का अस्तित्व समाप्त होता है तो उसका प्रभाव पूरे पर्यावरण तंत्र पर पड़ता है। ऐसे में जैव विविधता का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
श्री मौर्य ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास के पर्यावरण, जल स्रोतों, वन्य जीवों और हरियाली के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रकृति संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।