वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रामनवमी के पावन अवसर पर देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के सुखमय, समृद्ध और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए कहा कि यह पर्व हमें मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उपमुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए आदर्श है। उनके जीवन से हमें कर्तव्यनिष्ठा, त्याग, संयम और मर्यादाओं का पालन करने की सीख मिलती है। उन्होंने कामना की कि प्रभु श्रीराम की कृपा सभी पर बनी रहे और समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि का वातावरण स्थापित हो।
श्री मौर्य ने कहा कि भगवान श्रीराम के उच्च आदर्श और उनके जीवन मूल्य केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे प्रभु राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज व राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि रामनवमी का पर्व हमें आपसी भाईचारे, सौहार्द और समर्पण की भावना को मजबूत करने का अवसर देता है। इस पावन अवसर पर सभी को मिलकर एक सशक्त, समृद्ध और विकसित राष्ट्र के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।