– जब आवश्यकता हो तभी डीजल व पेट्रोल लेने जाइए, लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का उद्घाटन करते हुए इसे पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को उनकी सॉफ्ट स्किल के अनुरूप अवसर देने के लिए देशभर में मजबूत प्लेटफॉर्म तैयार किए जा रहे हैं और एसटीपीआई द्वारा विकसित यह पार्क उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पार्क की सबसे बड़ी विशेषता ‘प्लग एंड प्ले’ मॉडल है, जिसमें स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को केवल अपना कंप्यूटर लेकर आना होगा। उन्हें बिजली, स्थान और अन्य आधारभूत सुविधाओं की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। इससे गोरखपुर के युवाओं को पहली बार स्थानीय स्तर पर वैश्विक आईटी इकोसिस्टम से जुड़ने का अवसर मिलेगा। गीडा क्षेत्र में करीब 3.5 एकड़ भूमि पर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक पार्क का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री ने पार्क का निरीक्षण किया और परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने एसटीपीआई की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है और वर्तमान में 20 हजार से अधिक स्टार्टअप कार्यरत हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं द्वारा संचालित हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को नई दिशा दी जा रही है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में बीते वर्षों में बड़े पैमाने पर निवेश हुआ है और गीडा क्षेत्र औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनकर उभरा है। यहां 350 से अधिक उद्योग स्थापित हो चुके हैं, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस का उपयोग करें। उन्होंने वासंतीय नवरात्रि और रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर मत्स्य मंत्री संजय निषाद, विधान परिषद सदस्य डॉ0 धर्मेन्द्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, बिपिन सिंह, महेन्द्र पाल सिंह, श्रीराम चौहान, इंजी0 सरवन कुमार निषाद, गोरखपुर के महापौर डॉ0 मंगलेश कुमार श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग चारू चौधरी, सलाहकार मुख्यमंत्री अवनीश कुमार अवस्थी सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।