Breaking News

आकाश आनंद विवाद के बीच मायावती की आज अहम बैठक, ईशान की भूमिका पर नजर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और विभिन्न राज्यों के अध्यक्षों के साथ अहम बैठक करेंगी। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच होने वाली इस बैठक में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। संभावित प्रत्याशियों के चयन और संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में मायावती पार्टी के राज्यों से संगठन की प्रगति रिपोर्ट लेंगी और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के मद्देनजर पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दे सकती हैं। पार्टी के भीतर हाल में हुए बदलावों के बीच इस बैठक पर विशेष नजर है। आकाश आनंद को पार्टी की प्रमुख जिम्मेदारियों से हटाए जाने के बाद मायावती ने परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका को लेकर भी कई बार अपना रुख बदला है।
मायावती ने हाल में कहा था कि उनके भाई आनंद कुमार के परिवार से अब केवल छोटे भतीजे ईशान आनंद को पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देकर आगे किया जाएगा। इससे पहले ईशान को मुख्य सेक्टर कोआर्डिनेटर की जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी सामने आई थी, हालांकि बाद में यह जिम्मेदारी भी वापस ले ली गई थी। अब मायावती ने दोबारा ईशान को आगे बढ़ाने की बात कही है।
बैठक में ईशान की भूमिका और भविष्य की जिम्मेदारी को लेकर तस्वीर साफ होने की संभावना है। साथ ही आकाश आनंद को लेकर पार्टी का रुख भी स्पष्ट किया जा सकता है। मायावती पहले ही संकेत दे चुकी हैं कि आकाश और उनकी बहन दीपिका आनंद को पार्टी में जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। बसपा के सामने आगामी चुनावों से पहले संगठन को सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज करने की चुनौती है। ऐसे में बुधवार की बैठक को पार्टी की आगे की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Check Also

इंटरनेशनल ट्रेड शो में यूपी की दीदियों के उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल मंच

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं के हुनर और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES