Breaking News

पत्रकारिता समाज की नब्ज, समस्याओं के समाधान में सरकार करेगी सहयोग : विशाल सिंह, निदेशक सूचना

– पत्रकारों की समस्याओं के समाधान में हर संभव सहयोग करेगा : प्रभात त्रिपाठी, संयोजक
– पत्रकारों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की ज़रुरत : भास्कर दूबे
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) का प्रथम स्थापना दिवस आज लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ महापौर सुषमा खर्कवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया, जबकि मंजू माही की गणेश वंदना ने माहौल को मंगलमय बना दिया। राजधानी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों पत्रकारों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप दिया।
इस अवसर पर समारोह को स्वतंत्रता संग्राम के महान पुरोधा गणेश शंकर विद्यार्थी और बाबूराव विष्णु पराड़कर की स्मृति को समर्पित किया गया, जिन्होंने अपनी कलम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी थी। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज की नब्ज पकड़ने वाले कलम के सिपाही हैं और सरकार उनकी समस्याओं के समाधान में हर संभव सहयोग करेगी। वरिष्ठ पत्रकार भास्कर दुबे ने समिति की भावी योजनाओं का उल्लेख करते हुए पत्रकारों की स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
समिति के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने पत्रकारों की पेंशन व्यवस्था को नियमित और पारदर्शी बनाने तथा पीजीआई में उनके लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल खबरें नहीं लिखते, बल्कि समाज की आवाज बनकर जनता की समस्याओं को सामने लाते हैं। ऐसे में सरकार और संस्थाओं का दायित्व है कि उन्हें निडर और सुरक्षित वातावरण मिले।
इस अवसर पर दिवंगत पत्रकार धीरेंद्र श्रीवास्तव की पत्नी को 11,000 रुपये की सहायता राशि और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। समिति ने भविष्य में दिवंगत पत्रकारों के परिवारों को सहयोग और सम्मान देने की परंपरा जारी रखने का निर्णय लिया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने पत्रकारिता को समाज का दर्पण बताया। दूरदर्शन के अधिकारी आत्म प्रकाश मिश्र ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। जबकि पूर्व सांसद शीशराम सिंह रवि ने कहा कि पत्रकारों के मानदेय और पारिश्रमिक में सुधार की आवश्यकता है और वह इस मुद्दे को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखेंगे।
कार्यक्रम में शेखर श्रीवास्तव, अजीत कुमार सिंह, ऋषि कुमार शर्मा, अनूप गुप्ता, परमजीत सिंह, गुरमीत कौर, उमेश चंद्र मिश्रा,विक्रम राव, अशोक चक्रधर, अजय श्रीवास्तव, सर्वजीत सूर्यवंशी, दया विष्ट, हरजीत सिंह बाबा, धनञ्जय सिंह, रवि, विजय प्रकाश शुक्ल सहित लखनऊ व प्रदेश के सैकड़ों पत्रकार मौजूद थे। सञ्चालन विक्रम राव ने किया ।

Check Also

ग्रीन रन : 1500 प्रतिभागियों की दौड़

– दौड़ में 172 जोड़े भी हुए शामिल वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ कमल वर्मा लखनऊ। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES