Breaking News

मल्टीलेवल पार्किंग में अव्यवस्थाओं पर महापौर और नगर आयुक्त सख्त, गैराज व कार बाजार सील

जनसुविधाओं से समझौता नहीं: महापौर
महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की संपत्तियों का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें।
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। नगर निगम की महापौर सुषमा खर्कवाल ने मंगलवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ हजरतगंज स्थित मल्टीलेवल पार्किंग और केडी सिंह बाबू स्टेडियम के सामने बनी मल्टीलेवल पार्किंग का औचक निरीक्षण किया। महापौर के अचानक पहुंचने से पार्किंग परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सबसे पहले टीम हजरतगंज की मल्टीलेवल पार्किंग पहुंची, जहां कई गंभीर खामियां सामने आईं। निरीक्षण के दौरान लिफ्ट बंद मिली, जिससे आम लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा बेसमेंट में अवैध रूप से कार बाजार और गैराज संचालित होता पाया गया। पार्किंग के विभिन्न फ्लोर पर गंदगी का अंबार देखकर महापौर ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। बंद पड़े टॉयलेट को भी तुरंत खुलवाकर जनता के उपयोग के लिए चालू कराने को कहा गया।
महापौर के निर्देश पर पार्किंग में चल रहे अवैध गैराज और कार बाजार को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। मौके से लैपटॉप समेत अन्य उपकरण भी जब्त किए गए, जिनसे अवैध गतिविधियों के संचालन के संकेत मिले हैं। संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसके बाद महापौर और नगर आयुक्त ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम के सामने स्थित मल्टीलेवल पार्किंग का भी निरीक्षण किया। यहां भी गंदगी और अव्यवस्था मिली, साथ ही अवैध गतिविधियां संचालित होती पाई गईं। महापौर ने आरटीओ अधिकारियों से समन्वय कर लंबे समय से खड़ी गाड़ियों की जांच और जब्ती के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों से शुल्क लेने के बाद बेहतर सुविधाएं देना नगर निगम की जिम्मेदारी है। हजरतगंज जैसे प्रमुख क्षेत्र की व्यवस्था शहर की छवि से जुड़ी है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Check Also

कैंसर की समय पर जांच, सही जानकारी और स्वस्थ जीवनशैली से काफी हद तक बचाव संभव : पवन सिंह

– श्री कृष्ण दत्त एकेडमी में एनएसएस शिविर में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम व हेल्थ कैंप …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES