Breaking News

होली पर अतिरिक्त बसें चलेंगी, सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए एमडी ने दिए निर्देश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त क्षेत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संचालन व्यवस्था, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ आगामी होली पर्व के मद्देनजर विशेष परिवहन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि होली के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखते हुए सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि चालक और परिचालक पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

एमडी ने सभी वाहनों की 13 एवं 31 बिंदुओं पर नियमित और अनिवार्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बसों की तकनीकी स्थिति मजबूत रहे और सुरक्षित संचालन हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही सभी चालकों और परिचालकों को प्रत्येक निर्धारित स्टॉप पर बस अनिवार्य रूप से रोकने और यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कंट्रोल रूम सक्रिय रखें और संचालन की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए, ताकि पर्व के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निगम प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि होली पर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

Check Also

लखनऊ एयरपोर्ट पर पार्किंग की नई दरें लागू, कमर्शियल वाहनों का बढ़ा शुल्क; नो-पार्किंग में अब क्लैंप और जुर्माना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वाणिज्यिक वाहनों के एयरपोर्ट एक्सेस, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *