Breaking News

एशियाई रेडिएशन ऑन्कोलॉजी संगठन की समिति में डॉ. प्रमोद गुप्ता शामिल

– भारत से केवल दो विशेषज्ञों को मिला स्थान
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर एवं डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता को फेडरेशन ऑफ एशियन ऑर्गेनाइजेशन्स फॉर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी (फारो) की पब्लिक रिलेशंस कमेटी का सदस्य नामित किया गया है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय समिति में भारत से केवल दो विशेषज्ञों को सदस्य बनाया गया है, जिससे संस्थान सहित उत्तर प्रदेश के चिकित्सा जगत में हर्ष का माहौल है।
फारो एशिया के विभिन्न देशों के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञों का प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो इस क्षेत्र में अनुसंधान, शिक्षा, वैज्ञानिक सहयोग और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है। संगठन से भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया, फिलीपींस, श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान और वियतनाम समेत कई देशों के विशेषज्ञ जुड़े हुए हैं।
फारो की पब्लिक रिलेशंस कमेटी में भारत से जिन दो विशेषज्ञों को स्थान मिला है, उनमें कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान के डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता और एम्स भोपाल के डॉ. सैकत दास शामिल हैं। इस चयन को भारतीय रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय चिकित्सकों की भागीदारी और प्रभाव को नई मजबूती मिलेगी।
डॉ. गुप्ता की नियुक्ति से न केवल कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान का सम्मान बढ़ा है, बल्कि उत्तर प्रदेश और देश के चिकित्सा क्षेत्र को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिली है। संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने इस उपलब्धि पर डॉ. गुप्ता को बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। संस्थान के चिकित्सकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

Check Also

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेगा पूरे प्रदेश के स्वाद का संगम

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ/ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में प्रदेश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *