Breaking News

डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश ने विकास के नए कीर्तिमान बनाए: केशव प्रसाद मौर्य

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। विधान परिषद में सरकार की उपलब्धियों और बजट प्रावधानों पर चर्चा करते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश कई जनकल्याणकारी योजनाओं में नंबर वन बना है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना और अटल पेंशन योजना जैसी योजनाओं में उत्तर प्रदेश शीर्ष स्थान पर है। किसानों को 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है, जबकि गरीबों को बड़ी संख्या में आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उज्ज्वला योजना के तहत 1.85 करोड़ से अधिक निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करते हुए वृद्धावस्था, दिव्यांग और अन्य पेंशन योजनाओं की राशि 300 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया है, जो एक अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। शिक्षा क्षेत्र में मानदेय वृद्धि से भी लाखों परिवारों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में जहां प्रदेश में चार हवाई अड्डे थे, वहीं अब उनकी संख्या 16 हो गई है। इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश और औद्योगिक विकास से प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। कृषि उत्पादन, ग्रामीण स्वच्छता और संपत्ति अभिलेखीकरण में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मौर्य ने कहा कि सुशासन, सुरक्षा और विकास ही सरकार की पहचान है और इसी मार्ग पर चलते हुए उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा रहा है।

Check Also

दशहरा-दीपावली पर बिजली कटौती से मिलेगी राहत, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी योगी सरकार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। दशहरा और दीपावली समेत आगामी त्योहारों पर प्रदेशवासियों को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *