Breaking News

देशभर में बनेगा फार्मेसी स्टूडेंट नेटवर्क : सुनील यादव

– एक मंच पर आये फार्मासिस्ट
– फेडरेशन की केंद्रीय समिति के अध्यक्ष सुनील यादव का जन्मदिन प्रदेश भर में मना ।
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी) / अजय कुमार
लखनऊ। यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन के स्थापना दिवस को शुक्रवार को प्रदेश भर में फार्मेसिस्ट अधिकार दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर सिविल अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और मरीजों को फल वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम फार्मेसिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष एवं चीफ फार्मेसिस्ट सुनील यादव के जन्मदिन पर आयोजित किया गया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ करते हुए सिविल अस्पताल की निदेशक डॉ. कजली गुप्ता ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। स्वैच्छिक रक्तदान से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं होती, बल्कि व्यक्ति स्वस्थ रहता है। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य कर्मियों से आम जनता में फैली भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेश चंद्र पांडे और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.आर. सिंह ने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, जिससे एक व्यक्ति तीन लोगों का जीवन बचा सकता है।
फार्मेसिस्ट अधिकार दिवस के मौके पर यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन के सदस्यों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। स्थापना दिवस के अवसर पर देशभर में फार्मेसी स्टूडेंट नेटवर्क (पीएसएन) बनाए जाने की घोषणा भी की गई, जिससे उत्तर प्रदेश समेत देश के फार्मेसी छात्रों को एक साझा मंच मिलेगा।
एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में सुनील यादव ने फार्मेसिस्टों से अद्यतन रहने की अपील करते हुए कहा कि दवाओं के डोज, साइड इफेक्ट, एडीआर और इंटरैक्शन की जानकारी जनहित में बेहद जरूरी है। उन्होंने फार्मेसिस्टों के अधिकारों के सशक्तिकरण की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर फार्मेसिस्टों ने अर्बन आरोग्य मंदिरों में फार्मेसिस्ट की नियुक्ति समेत 14 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में रैली, सेमिनार और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

Check Also

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संकल्प, सीबीसी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ

– क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *