वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
गोरखपुर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर में दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार विवेक कुमार अस्थाना के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान कर संवेदनशील पहल की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय विवेक कुमार अस्थाना की पत्नी श्रीमती निहारिका अस्थाना तथा उनके बच्चों दिव्य अस्थाना और देव अस्थाना को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ होते हैं और उनकी सेवा तथा योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने दिवंगत पत्रकार के परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विधायक प्रदीप शुक्ला, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष रितेश मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत पत्रकार के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक व पत्रकारिता क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया।
गौरतलब है कि विगत दिनों वरिष्ठ पत्रकार, गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के आजीवन सदस्य एवं रंगकर्मी विवेक कुमार अस्थाना का आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन से पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई यह आर्थिक सहायता न केवल परिवार को संबल प्रदान करेगी, बल्कि पत्रकार समुदाय के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को भी दर्शाती है।