– गोरखपुर से बरेली तक सफ़र आसान, जन–मांग बनी हकीकत
– किसान–छात्र–पर्यटक होंगे लाभान्वित, ट्रेन विस्तार की शुभ शुरुआत
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। जनता की वर्षों पुरानी आकांक्षा को आज हकीकत में बदलते हुए भारतीय रेल ने गोरखपुर–पीलीभीत एक्सप्रेस सेवा का विस्तार इज्जतनगर (बरेली) तक कर दिया। इस महत्वपूर्ण पहल का शुभारंभ केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री (वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी) जितिन प्रसाद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। पहले यह सेवा गोरखपुर–लखीमपुर के बीच संचालित थी, बाद में इसे पीलीभीत तक बढ़ाया गया और अब इसका बरेली के इज्जतनगर तक विस्तार जन–भावनाओं की जीत के रूप में देखा जा रहा है।
रेल विस्तार से उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। कृषि और वन–आधारित उत्पादों की बाजार तक पहुँच आसान होगी, छात्रों और स्थानीय यात्रियों को सुगम परिवहन विकल्प मिलेगा, जबकि पर्यटन और रोजगार के अवसरों में भी इज़ाफ़ा होने की संभावना है।
कार्यक्रम में श्री वैष्णव ने बताया कि 2014 के बाद से यूपी में 5,272 किमी नई रेल पटरियाँ बिछाई गईं, सभी मार्गों का 100% विद्युतीकरण पूर्ण हुआ, साथ ही 1,660 फ्लाईओवर/रोड अंडरब्रिज बनाए गए। 154 लिफ्ट, 156 एस्केलेटर, 771 स्टेशनों पर Wi-Fi जैसे यात्री सुविधाएँ भी जोड़ी गईं। वर्तमान में राज्य में 34 वंदे भारत और 26 अमृत भारत एक्सप्रेस संचालित हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि 2014 से पहले यूपी को ₹1,109 करोड़ रेल बजट मिलता था, जो अब बढ़कर ₹19,858 करोड़ हो गया—18 गुना वृद्धि। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 157 स्टेशनों का आधुनिकीकरण जारी है, जिनमें पश्चिमी-उत्तरी यूपी के 48 स्टेशन शामिल हैं।
मंत्री जितिन प्रसाद ने पीलीभीत को प्राथमिकता देने हेतु रेल मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि इसका सर्वाधिक लाभ किसान, छात्र और पर्यटक उठाएंगे।
समारोह में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता और विधायक बाबूराम सहित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की जनता की ओर से रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया। यह विस्तार तराई की विकास यात्रा में नए अध्याय का सूत्रपात साबित होगा।