वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। आगरा पुलिस कमिश्नरेट की स्थापना के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम का उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने वर्चुअल माध्यम से शुभारम्भ किया। शुभारम्भ के दौरान उन्होंने आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, शहर के गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
डीजीपी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में वर्ष 2020 में पुलिस प्रशासन में सुधार के तहत प्रदेश में कमिश्नरी प्रणाली लागू की गई, जिसके क्रम में तीन वर्ष पूर्व आगरा को पुलिस कमिश्नरेट का दर्जा मिला। इस प्रणाली का उद्देश्य आमजन को अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और शिकायतों का त्वरित व समयबद्ध निस्तारण जैसी सेवाएं अधिक संवेदनशील और प्रभावी ढंग से प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में कमिश्नरेट प्रणाली दशकों से सफल है और उत्तर प्रदेश में भी जहां-जहां इसे लागू किया गया है, वहां सकारात्मक बदलाव स्पष्ट दिखे हैं। डीजीपी ने आगरा में मेट्रो परियोजना के चलते यातायात प्रबंधन के लिए किए जा रहे पुलिस प्रयासों की सराहना की। साथ ही, साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए गए जागरूकता अभियानों को नागरिक सुरक्षा के लिहाज से अहम बताया।
राजीव कृष्णा ने यह भी उल्लेख किया कि आज संविधान दिवस है और पुलिस की जिम्मेदारी संविधान की मूल भावना के अनुरूप नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों और नागरिकों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए जनहित, महिला सुरक्षा और संवेदनशील पुलिसिंग के उद्देश्यों को निरंतर सशक्त करने का संकल्प दोहराने का आह्वान किया।