वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। स्व. श्रीमती प्रतिमा सिंह की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में युवाओं का जोश देखने लायक रहा। 24 टीमों की भागीदारी के साथ प्रतियोगिता रोमांचक हुई। खेल भावना और एकता का यह उत्सव लखनऊ में नई ऊर्जा भर रहा है।
स्व. श्रीमती प्रतिमा सिंह की स्मृति में आयोजित “स्मृति कप सीज़न–2” क्रिकेट टूर्नामेंट का लखनऊ में भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन एविशा इंटरप्राइजेज द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी सुनील दत्त त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर स्व. श्रीमती प्रतिमा सिंह के सुपुत्र चन्दन सिंह और नन्दन सिंह उपस्थित रहे। दोनों ने संयुक्त रूप से सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, टीम प्रतिनिधियों और प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
चन्दन सिंह ने कहा कि, “मां की स्मृति में आरंभ किया गया यह टूर्नामेंट अब युवाओं के बीच खेल भावना और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक बन चुका है। पहले सीज़न में 15 टीमों की भागीदारी रही थी, जबकि इस वर्ष सीज़न–2 में 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे प्रतियोगिता और भी रोमांचक हो गई है।” इस वर्ष टूर्नामेंट के मुख्य प्रायोजक “Emminence Youtu Private Limited” हैं, जबकि सहयोगी संस्थाओं के रूप में “Somany Tiles” और “Gripwell Adhesive” ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आयोजन समिति ने इन संस्थाओं के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। टूर्नामेंट के अंतर्गत आने वाले दिनों में लखनऊ के विभिन्न मैदानों पर लीग और नॉकआउट मैच खेले जाएंगे। आयोजन समिति के अनुसार, इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है।
पहले दिन खेले गए रोमांचक लीग मैचों के परिणाम इस प्रकार रहे —
लखनऊ नवाब्स ने BWCA को 17 रनों से हराया (133/9 बनाम 116/9)
लखनऊ वॉरियर्स ने खैबर क्रिकेट क्लब को 3 विकेट से मात दी (179/7 बनाम 178/6)
वेलनेस लखनऊ ने बैशिंग बॉयज़ इलेवन को 17 रनों से पराजित किया (171/6 बनाम 154/7)
क्रिकेट स्टार्स ने SGPGI क्रिकेट क्लब को 4 विकेट से हराया (146/6 बनाम 145/6)
गोमती क्रिकेट टीम (GCT) ने विंग्स ऑफ फायर को 21 रनों से पराजित किया (205/4 बनाम 184/9)