वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे शुद्ध एवं अद्यतन निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि मज़बूत लोकतंत्र के लिए यह आवश्यक है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो।
निर्वाचन विभाग के अनुसार मतदाता सूची से संबंधित गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) का वितरण प्रारंभ हो चुका है। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर यह फॉर्म वितरित कर रहे हैं। प्रत्येक मतदाता से अनुरोध किया गया है कि वे गणना फॉर्म को ध्यानपूर्वक भरें, उस पर हस्ताक्षर करें और बीएलओ को समय पर वापस दें। यदि मतदाता घर पर उपस्थित न हों, तो परिवार का कोई वयस्क सदस्य सभी सदस्यों की जानकारी भरकर हस्ताक्षर सहित फॉर्म जमा कर सकता है।
बीएलओ को जिन मतदाताओं के हस्ताक्षरित फॉर्म प्राप्त होंगे, उनके नाम आगामी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में सम्मिलित किए जाएंगे, जिसका प्रकाशन 9 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों के नाम 2003 की मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, उनके लिए दूसरा चरण चलाया जाएगा। इसमें संबंधित ईआरओ/एसडीएम कार्यालय द्वारा नोटिस जारी कर नागरिकता का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या बिजली बिल जैसे दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है या जो स्थायी रूप से अन्य स्थान पर चले गए हैं, उनके संबंधी “येलो फॉर्म” भरकर बीएलओ को सूचना दें ताकि ऐसे नाम सूची से हटाए जा सकें। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं। अधिकारियों ने अपील की है कि सभी मतदाता सतर्क रहें, जिससे आगामी अंतिम मतदाता सूची, जो 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित होगी, पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन हो।