वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने लखनऊ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री तिवारी ने स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों पर चेकिंग स्टाफ की तैनाती, टिकटिंग व्यवस्था, मल्टीपरपज व कैटरिंग स्टॉल, पूछताछ कार्यालय, एटीवीएम मशीनों की कार्यशीलता, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, मेगाफोन घोषणाएं और हेल्प डेस्क की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम, पेयजल, स्वच्छता, फर्स्ट एड सुविधा और महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े प्रबंधों का भी अवलोकन किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी यात्री को असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। लखनऊ मंडल द्वारा महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ की महिला कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। साथ ही बच्चों एवं वृद्ध यात्रियों की सहायता हेतु मेडिकल टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ मंडल से होकर गुजरने वाली नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त 27 अक्टूबर 2025 को कुल 58 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें 23 ट्रेनें बिहार की दिशा में चलेंगी। इनमें लखनऊ-शकूर बस्ती स्पेशल ट्रेन (संख्या 04235) भी शामिल है, जो 27 अक्टूबर को रात 8:50 बजे लखनऊ स्टेशन से प्रस्थान करेगी।
श्री तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, मार्गदर्शन संकेतक, सहायता काउंटर और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सतत रूप से प्रयासरत है।