Breaking News

एक्सपर्टीज ग्रुप यूपी में निवेश को तैयार, नोएडा में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने की योजना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। सऊदी अरब की एक्सपर्टीज ग्रुप ने उत्तर प्रदेश में निवेश करने में गहरी रुचि दिखाई है। शनिवार को कंपनी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल राज्य के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ से लखनऊ में मिला, जहां राज्य में संभावित निवेश योजओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ज़फर सरेशवाला ने किया। उनके साथ मुख्य रणनीति अधिकारी मोहम्मद अंशिफ, मुख्य परिचालन अधिकारी के. एस. शेख और बिजनेस डायरेक्टर हैदर अब्बास सैयद मौजूद रहे। टीम ने उत्तर प्रदेश में एक ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) स्थापित करने में गहरी रुचि व्यक्त की, जिससे 500 से 1000 पेशेवरों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसके साथ ही राज्य में एक विनिर्माण इकाई स्थापित करने की योजना भी साझा की गई।
मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे सुरक्षित, सक्षम और निवेश-अनुकूल राज्यों में से एक है। यहां कुशल मानव संसाधन, विशाल उपभोक्ता बाजार और विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना उपलब्ध है, जो इसे वैश्विक निवेशकों के लिए आदर्श गंतव्य बनाती है। एक्सपर्टीज ग्रुप फिलहाल मैंगलोर, कर्नाटक में अपना एक बड़ा बैक-ऑफिस संचालित कर रही है, जिसे अब नोएडा स्थानांतरित करने की योजना है। उत्तर प्रदेश सरकार की ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) नीति 2024 और उसके आकर्षक प्रोत्साहनों को देखते हुए कंपनी इस दिशा में कदम बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। यह निर्णय कंपनी के भारत में बहु-क्षेत्रीय निवेश विस्तार की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
साल 2008 में सऊदी अरब के जुबैल इंडस्ट्रियल सिटी में स्थापित एक्सपर्टीज ग्रुप आज एक अग्रणी औद्योगिक समूह है। इसके पास 20,000 से अधिक कर्मचारी हैं और कंपनी का वार्षिक कारोबार 6,600 करोड़ रुपये से अधिक है। पेट्रोकेमिकल्स, तेल एवं गैस, उर्वरक, स्टील, सीमेंट, जल शोधन और ऊर्जा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में सक्रिय यह समूह अब उत्तर प्रदेश के उभरते औद्योगिक क्लस्टर्स में औद्योगिक सेवाओं, मॉड्यूलर विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स हब की संभावनाओं की तलाश कर रहा है। माना जा रहा है कि यह पहल न केवल राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई दिशा देगी, बल्कि भारत और सऊदी अरब के बीच आर्थिक साझेदारी को भी और मजबूत बनाएगी।

Check Also

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को मूडीज़ से “बहुत अच्छी संवहनीयता गुणवत्ता” रेटिंग

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को संवहनीय वित्तपोषण के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES