Breaking News

STF : आगरा में अंतर्राष्ट्रीय गैंग का तस्कर गिरफ्तार, 7.97 किलो चरस बरामद

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
आगरा। स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश ने अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के एक सक्रिय तस्कर को बड़ी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। मंगलवार 30 सितंबर को एसटीएफ की फील्ड इकाई आगरा ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नेपाल मूल के रोशन शाह को आगरा किला गेट के सामने रामलीला मैदान के मंदिर के पीछे वाहन पार्किंग से गिरफ्तार किया। उसके पास से 7.970 किलोग्राम चरस बरामद हुई जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, नकद 1020 रुपये और नेपाली नागरिकता कार्ड भी मिला।
गिरफ्तारी की कार्रवाई एसीपी सदर आगरा हेमंत कुमार की मौजूदगी में की गई। आरोपी रोशन शाह नेपाल के वारा जिले का निवासी है और फिलहाल काठमांडू में रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह लंबे समय से चरस की तस्करी कर रहा है। उसके अनुसार, काठमांडू में विनय नाम का एक व्यक्ति शराब पीते समय उससे मिला और उसे लालच दिया कि अगर वह एक पार्सल पहुंचा देगा तो हर बार पांच हजार रुपये मिलेंगे। यही पार्सल चरस से भरे होते थे जिन्हें बिहार के रक्सौल बॉर्डर पर नहर के पास दिया जाता और वहां से बस या ट्रेन से आगरा लाकर ‘कुश’ नाम के व्यक्ति को सौंप दिया जाता था।
एसटीएफ को लंबे समय से नेपाल के रास्ते बिहार होकर उत्तर प्रदेश में हो रही तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ राकेश के पर्यवेक्षण में टीम गठित कर छापेमारी की गई। आरोपी के खिलाफ थाना रकाबगंज में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर स्थानीय पुलिस को आगे की कार्रवाई सौंपी गई है।

Check Also

दूल्हा मामी संग फरार, 14 वर्षीय भाई की जबरन शादी चाइल्ड हेल्पलाइन ने रुकवाई

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक चौंकाने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES