– यह एसोसिएशन राज्य की खाद्य आपूर्ति श्रृंखला और उपभोक्ता हितों का अहम स्तंभ : रणवीर प्रसाद
– दीपक कुमार बजाज यूपी रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्वाचित
– यूपी रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन का 62वां महासम्मेलन
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ । राजधानी के गोल्फ सिटी स्थित द सेंट्रम होटल में यूपी रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन का 62वां वार्षिक महासम्मेलन भव्य रूप से आयोजित हुआ। छह दशक से अधिक पुराने इस संगठन के इस महासम्मेलन में प्रदेशभर से 200 से अधिक रोलर फ्लोर मिल मालिकों व निदेशकों ने भाग लिया। सम्मेलन की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और विशिष्ट अतिथि प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद का स्वागत संगठन पदाधिकारियों ने अंगवस्त्रम व स्मृति चिह्न भेंट कर किया।
मुख्य अतिथि बृजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश न केवल देश का सबसे बड़ा गेहूं उत्पादक राज्य है बल्कि खाद्य प्रसंस्करण में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज प्रदेश 380 लाख टन गेहूं का उत्पादन कर रहा है और आटा, मैदा, सूजी जैसे उत्पादों के जरिए लाखों लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस उद्योग को प्रोत्साहन देने के लिए सिंगल विंडो क्लियरेंस, सब्सिडी और तकनीकी नवाचार जैसे कदम उठा रही है।
विशिष्ट अतिथि रणवीर प्रसाद ने कहा कि यह संगठन राज्य की खाद्य आपूर्ति श्रृंखला और उपभोक्ता हितों का अहम स्तंभ है। पीडीएस, मिड-डे मील और पोषण आहार जैसी योजनाओं में मिलों का योगदान सराहनीय है।
सम्मेलन में वर्तमान अध्यक्ष धर्मेंद्र जैन ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत कर अपने कार्यकाल की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 300 से अधिक रोलर फ्लोर मिलें उच्च गुणवत्ता का आटा व मैदा तैयार कर देश के कई राज्यों को आपूर्ति कर रही हैं।
सर्वसम्मति से चुने गए नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने कहा कि संगठन का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि पीडीएस में गेहूं की जगह आटा उपलब्ध कराया जाए जिससे रोजगार बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि उद्योग को आधुनिक तकनीक और वैश्विक गुणवत्ता मानकों से जोड़ना समय की मांग है। इस अवसर पर संगठन के पूर्व अध्यक्षों का सम्मान किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में उद्यमी शामिल हुए और उद्योग के भविष्य की दिशा पर चर्चा हुई।