Breaking News

राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आगाज, मैदान में दिखा युवा जोश

– केंद्रीय विद्यालय एएमसी लखनऊ में शुरू हुई 54वीं राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। केंद्रीय विद्यालय एएमसी लखनऊ में 54वीं राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025-26 (अंडर-17 फुटबॉल बालक वर्ग) का शुभारंभ 29 अगस्त को बड़े उत्साह और जोश के साथ हुआ। इस आयोजन में पूरे देश के 25 केंद्रीय विद्यालय क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया। उद्घाटन समारोह मशाल प्रज्वलन के साथ आरंभ हुआ जिसमें मुख्य अतिथि कर्नल कपिल गौड़, लेफ्टिनेंट कर्नल नितिन जोशी, राष्ट्रीय खिलाड़ी सतीश पंडित, केवी लखनऊ कैंट के प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर सिंह तथा केवीएस मुख्यालय से आए श्री आनंद सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय प्रांगण में खिलाड़ियों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बनता था। प्रतिभागी टीमों ने खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। केवी एएमसी के प्रधानाचार्य मनीष कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए खेलों के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नेतृत्व और चरित्र निर्माण का माध्यम हैं। मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों को प्रेरणा दी कि वे निष्पक्ष और समर्पित होकर मैदान में उतरें।
प्रतियोगिता का पहला मैच गुवाहाटी और तिनसुकिया क्षेत्रों के बीच खेला गया, जो 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके अतिरिक्त देहरादून ने वाराणसी को 3-0 से हराया, दिल्ली और बेंगलुरु का मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहा, अहमदाबाद ने आगरा को 5-1 से हराया, तिनसुकिया ने चंडीगढ़ को 6-0 से हराया, एर्नाकुलम ने वाराणसी को 2-0 से हराया, कोलकाता और सिलचर का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा, गुरुग्राम ने रांची को 1-0 से हराया, भोपाल ने हैदराबाद को 2-0 से हराया, सिलचर और मुंबई का मुकाबला 0-0 की बराबरी पर रहा, जबकि चेन्नई ने लखनऊ को 1-0 से पराजित किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन का समापन रोमांच, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना के साथ हुआ। आगे के मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह बना हुआ है।

Check Also

चिकित्सक दिवस पर डॉ. पल्लवी सिंह सम्मानित, 25 हजार से अधिक मोतियाबिंद ऑपरेशन कर रचा कीर्तिमान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर एस.आर. ग्रुप …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES