वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
जोधपुर। एक बार फिर एक चर्चित मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम बापू ने 235 दिन की अंतरिम जमानत खत्म होने के बाद जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर कर दिया है।
राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ ने 27 अगस्त को हुई सुनवाई में आसाराम की जमानत अवधि बढ़ाने से इनकार कर दिया था। कोर्ट ने मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर कहा कि फिलहाल उनकी तबीयत स्थिर है और उन्हें किसी विशेष या निरंतर चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता नहीं है।
गौरतलब है कि 7 जनवरी 2025 को आसाराम को करीब 12 साल बाद पहली बार अंतरिम जमानत मिली थी। इसके बाद से वे इलाज के नाम पर जेल से बाहर थे। लेकिन अब हाईकोर्ट के ताजा आदेश के बाद उन्हें पुनः जेल भेज दिया गया है।
साल 2013 में दर्ज हुए इस मामले में आसाराम को 2018 में जोधपुर कोर्ट ने दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। जेल में रहने के दौरान वे कई बार इलाज के लिए जमानत की मांग कर चुके हैं, जिसमें से यह सबसे लंबी अवधि की अंतरिम जमानत थी।
आसाराम के जेल लौटने के साथ ही एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में है और पीड़िता के पक्ष ने अदालत के निर्णय का स्वागत किया है।