Breaking News

डंडहिया मार्केट में जर्जर बिल्डिंग से परेशान व्यापारियों का फूटा गुस्सा

– पुलिस ने की बैरिकेडिंग
– रक्षाबंधन पर 600 दुकानें बंद
– नगर निगम के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। अलीगंज की डंडहिया मार्केट में जर्जर बिल्डिंग को लेकर तीन दिन से बंद चल रहे व्यापारियों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार से पहले दुकानें बंद होने और लगातार हो रही नुकसान को लेकर 600 से ज्यादा व्यापारियों ने नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर नगर निगम ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो कुर्सी रोड को पूरी तरह जाम कर दिया जाएगा।
दरअसल, लगातार बारिश के कारण डंडहिया मार्केट में एक पुरानी बिल्डिंग में दरार आ गई थी और वह झुक गई। मामले की जानकारी मिलने पर मेयर सुषमा खर्कवाल मौके पर पहुंचीं और नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों को बिल्डिंग मालिक को नोटिस देने और जल्द गिराने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर निगम ने एहतियातन बाजार में बैरिकेडिंग कर दी, जिससे पूरी मार्केट बंद हो गई।
व्यापारी नेता हीरालाल वर्मा ने बताया कि यह बिल्डिंग तीन भाइयों की है और बिकने के बाद से विवाद में फंसी है। आधी से ज्यादा बिल्डिंग गिराई जा चुकी है, लेकिन सड़क की तरफ उसका हिस्सा अब भी लटका है। इस वजह से पूरी मार्केट बंद पड़ी है, कोई ग्राहक नहीं आ रहा, तीन दिन से बोहनी तक नहीं हुई। व्यापारियों ने कहा कि त्योहार का समय है, घरों में बहन-बेटियां आ रही हैं और दुकानों में सन्नाटा है। पहले से ही बाजार जाम की समस्या से जूझ रहा था, अब नगर निगम ने नया संकट खड़ा कर दिया है।
मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने एक दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस कारण व्यापारी अब सड़क पर उतर आए हैं और प्रशासन को अंतिम चेतावनी दे रहे हैं कि अगर तुरंत निर्णय नहीं हुआ तो सड़क को जाम किया जाएगा।

Check Also

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संकल्प, सीबीसी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ

– क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *