वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
सोनभद्र। प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आज सोनभद्र में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण आजीविका मिशन, और अन्य योजनाओं की गहन समीक्षा की। राज्यपाल ने अधिकारियों को मृत्यु दर कम करने और आयुष्मान कार्ड, वैक्सीनेशन को प्राथमिकता देने और लड़के-लड़कियों के बीच भेदभाव खत्म करने, शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए विशेष प्रयास करने, प्रसव के बाद महिलाओं को मिलने वाली धनराशि का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने, आयुष्मान कार्ड योजना के तहत सभी लाभार्थियों को कवर करने के लिए विशेष अभियान चलाये जाने, ग्राम पंचायतों में आयोजित मेलों में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कैंप लगाए जाने, सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं गरीब परिवारों को निःशुल्क इलाज की सुविधा प्रदान करती हैं, और इसे प्रभावी रूप से लागू करना आवश्यक है।
राज्यपाल ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी मरीजों को पोषण पोटली का अधिकतम वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश देते हुए सीएसआर मद, एनजीओ और रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से मरीजों को जल्द स्वस्थ करने के प्रयास तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाये जाने, जिले में मौजूद औद्योगिक इकाइयों के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्रदान करने, आजीविका मिशन के तहत सफल स्वयं सहायता समूहों की कहानियों को सक्सेस स्टोरी के रूप में प्रचारित किये जाने का भी निर्देष दिया।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी बी.एन. सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चैहान, अपर जिलाधिकारी (वि0/ रा0) सहदेव कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।