वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
सुल्तानपुर। पुलिस महकमे डॉग स्क्वायड की शान रही टिल्ली उर्फ रोमी की मौत हो गई। बीमारी के चलते गुरुवार को उसकी मौत हो गई। उसकी मौत पर एसपी समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने श्रद्धांजलि दी। टिल्ली ने कई आपराधिक मामलों को सुलझवाने में मदद की थी।
मादा स्वान टिल्ली उर्फ रोमी 2014 से सुल्तानपुर जिले के डॉग स्क्वायड में तैनात थी। वह एडिशनल एसपी के रैंक पर काम कर रही थी। टिल्ली उर्फ रोमी ने पुलिस विभाग में 55 गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपियों को पकड़ने और महत्वपूर्ण घटनाओं का खुलासा करवाने में सहयोग किया था। टिल्ली की कुछ दिनों से तबीयत खराब थी। पशु चिकित्सक उसका इलाज भी कर रहे थे। गुरुवार को अचानक उसकी मौत हो गई। पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा और अन्य पुलिस अधिकारियों ने टिल्ली को श्रद्धांजलि व पुष्पचक्र अर्पित किया। इसके बाद टिल्ली उर्फ रोमी का अंतिम संस्कार किया गया।
