Breaking News

लोक सभा अध्यक्ष जिनेवा में आयोजित अंतर संसदीय संघ सभा में संसदीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे

– लोक सभा अध्यक्ष शांतिपूर्ण और सुरक्षित भविष्य के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार का उपयोग विषय पर आईपीयू सभा को संबोधित करेंगे
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
नई दिल्ली। लोक सभा अध्यक्ष, ओम बिरला 13-17 अक्तूबर 2024 तक जिनेवा में आयोजित की जा रही 149वीं अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) सभा में संसदीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे। शिष्टमंडल में राज्य सभा के उपसभापति, हरिवंशय सांसद, भर्तृहरि महताब, अनुराग सिंह ठाकुर, राजीव शुक्ला, विष्णु दयाल राम, अपराजिता सारंगी, डॉ. सस्मित पात्रा, ममता मोहंता के साथ लोक सभा के महासचिव, उत्पल कुमार सिंह और राज्य सभा के महासचिव पी. सी. मोदी शामिल हैं।
श्री बिरला शांतिपूर्ण और सुरक्षित भविष्य के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार का उपयोग विषय पर सभा को संबोधित करेंगे। अंतर संसदीय संघ में निर्णय लेने वाले उच्चतम निकाय, अंतर संसदीय संघ की शासी परिषद की बैठकों में भी भाग लेंगे । भारतीय संसदीय शिष्टमंडल के सदस्य इस सम्मेलन के दौरान आईपीयू की कार्यकारी समिति, चार स्थायी समितियों की बैठकों के साथ ही इसके कार्य सत्रों और विभिन्न अन्य बैठकों में भाग लेंगे। श्री बिरला सभा में भाग लेने के साथ ही अन्य संसदों के समकक्ष पीठासीन अधिकारियों से मुलाकात भी करेंगे।
इसके अलावा, श्री बिरला 14 अक्तूबर 2024 को जिनेवा में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करेंगे। आईपीयू में 180 सदस्य संसद और 15 सहयोगी सदस्य हैं। सदस्यों में चीन, भारत और इंडोनेशिया जैसे बड़े देशों के साथ-साथ काबो वर्डे, सैन मैरिनो और पलाऊ जैसे छोटे देशों की संसदें शामिल हैं।

Check Also

सिंगापुर दौरे पर सीएम योगी को बड़ी सफलता, ₹8 हजार करोड़ से 100 मेगावाट डेटा सेंटर लगाएगी Golden State Capital

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार सिंगापुर/लखनऊरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES