Breaking News

महात्मा गांधी ने हमें आध्यात्मिकता और आत्मनिर्भरता का मार्ग दिखाया है: लोक सभा अध्यक्ष

– ओम बिरला ने केन्द्रीय कक्ष में महात्मा गांधी और श्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
नई दिल्ली। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर, लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कई कार्यक्रमों में भाग लिया। श्री बिरला ने संसद भवन परिसर में स्वच्छता अभियान का नेतृत्व भी किया। लोक सभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह और सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में स्वच्छता अभियान में भाग लिया। इस अवसर पर, श्री बिरला ने सभी से स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और अन्य लोगों को भी अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। श्री बिरला ने संसद भवन परिसर में प्रेरणा स्थल पर महात्मा गांधी की प्रतिमा और लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा, राज्य सभा में विपक्ष के नेता, मल्लिकार्जुन खड़गे, राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश, बर्तमान और पूर्व संसद सदस्यों और अन्य ने भी संविधान सदन के केन्द्रीय कक्ष में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके बाद श्री बिरला ने केन्द्रीय कक्ष में छात्रों को संबोधित किया। संसद भवन में छात्रों का स्वागत करते हुए और केन्द्रीय कक्ष में उनके द्वारा दिए गए भाषणों की सराहना करते हुए, श्री बिरला ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन हम सभी को निस्वार्थ भाव से देश की सेवा के लिए स्वयं को समर्पित करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में सत्य, अहिंसा और नैतिकता के सिद्धांतों के साथ स्वतंत्रता के लिए किए गए जन आंदोलन से न केवल भारत को स्वतंत्रता प्राप्त हुई, बल्कि इन्हीं सिद्धांतों से अन्य देशों को भी शांति और विकास की दिशा में मार्गदर्शन और प्रेरणा मिलती रही है। श्री बिरला ने कहा कि आज दुनिया में गांधीवादी आदर्श और सिद्धांत और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
लोक सभा अध्यक्ष राजघाट और विजय घाट गए:
इससे पहले, लोक सभा अध्यक्ष ने राजघाट और विजय घाट जाकर महात्मा गांधी और श्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्री बिरला ने ट्विटर पर महात्मा गांधी और श्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए, श्री बिरला ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, सत्य के साधक, अहिंसा और शांति के दूत, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर सविनय नमन। उनका सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति निष्ठा और समर्पण का संदेश है। पूज्य गांधी जी के आदर्श हमें राष्ट्र और समाज की समग्र प्रगति के लिए निरंतर कर्मशील रहने की प्रेरणा देते हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए, श्री बिरला ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर सादर नमन। स्वाधीनता संघर्ष में और स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात भारत की प्रगति में उनकी अतुलनीय भूमिका थे। श्रद्धेय शास्त्री जी की कर्मठता और कर्तव्यपरायणता आज भी जनप्रतिनिधियों और हम सभी के लिए प्रेरक है।

Check Also

राजधानी में महिलाओं व ट्रांसजेंडर समुदाय को मिला स्मार्ट ‘पिंक सहेली कार्ड’, बसों में मुफ्त यात्रा की नई व्यवस्था

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार दिल्ली। राजधानी की महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES