Breaking News

सी.एम.एस. छात्र की फुटबाल प्रतिभा को अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर मिला सम्मान

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, कानपुर रोड कैम्पस के प्रतिभाशाली छात्र श्याम जी अवस्थी ने अपनी अद्भुत फुटबाल प्रतिभा की बदौलत स्कूल से लेकर स्पेन तक का सफर तय कर अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। सी.एम.एस. छात्र श्यामजी की बेशुमार फुटबाल प्रतिभा को देखते हुए स्पेन के रियल मैड्रिड क्लब ने अभी हाल ही में उन्हें 15-दिवसीय स्पेन यात्रा हेतु आमन्त्रित किया, जहाँ उन्हें विश्व के टॉप फुटबाल कोच एवं विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के सानिध्य में अपनी फुटबाल प्रतिभा को निखारने व संवारने का अभूतपूर्व अवसर मिला। इस दौरान रियल मैड्रिड फुटबाल क्लब की ओर से विश्व प्रसिद्ध ला-लीगा फुटबाल लीग के अण्डर-18 मैच में खेलते हुए श्यामजी ने अप्रतिम प्रतिभा का प्रदर्शन किया एवं तीन मेडल व ट्राफी के साथ ही प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। सी.एम.एस. छात्र की स्पेन यात्रा का सम्पूर्ण खर्च रियल मैड्रिड क्लब द्वारा वहन किया गया। यह जानकारी सी.एम.एस. के जन-सम्पर्क अधिकारी श्री ऋषि खन्ना ने दी है। श्री खन्ना ने बताया कि स्पेन के विश्व प्रसिद्ध रियल मैड्रिड फुटबाल क्लब द्वारा सी.एम.एस. छात्र को आमन्त्रित करना अपने आप में गर्व का विषय है, जो सी.एम.एस. छात्र की खेल प्रतिभा, कड़ी मेहनत व फुटबाल के प्रति उसके जुनून को स्वयं ही प्रमाणित करता है। सी.एम.एस. परिवार श्यामजी की अभूतपूर्व उपलब्धि पर गौरवान्वित है।
श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. अपने छात्रों की प्रतिभा व रूचि को पहचानकर उन्हें उसी अनुरूप मार्गदर्शन व प्रोत्साहन प्रदान करता है। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र न सिर्फ शैक्षिक क्षेत्र में अपितु खेलों व समाज के अन्य बहुतेरे क्षेत्रों में भी विद्यालय का नाम राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। सी.एम.एस. अपने छात्रों के बौद्धिक विकास के साथ उन्हें खेलों व अन्य सामाजिक क्षेत्रों के लिए भी विशेष रूप से तैयार करने में पूरे मनोयोग से संलग्न है।

Check Also

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व होली उत्सव पर आईएमए में जुटे चिकित्सक, महिला डॉक्टरों को मिला सम्मान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) लखनऊ और लखनऊ ऑब्स्टेट्रिक्स …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES