Breaking News

भाजपा सरकार में शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था ध्वस्त: अखिलेश यादव

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा, परीक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। शनिवार को सपा प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है तथा प्रदेश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा विभाग में गिरोह सक्रिय हैं और शिक्षकों के साथ भेदभाव व शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी वित्तविहीन शिक्षकों, शिक्षामित्रों की मांगों तथा पुरानी पेंशन व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव है और फर्जी एनकाउंटर, हिरासत में मौत, झूठे मुकदमे तथा उत्पीड़न जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को पर्याप्त उपचार नहीं मिल रहा और एंबुलेंस से लेकर अस्पताल व्यवस्था तक प्रभावित हुई है। किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक समय पर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने अपनी सरकार के दौरान सिंचाई, बिजली और किसानों के हित में लिए गए फैसलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आगामी घोषणा पत्र में किसान, नौजवान, शिक्षक, महिला और अन्य वर्गों से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पर छात्रों और युवाओं को तकनीक से दूर रखने की सोच रखने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि नई पीढ़ी विकास और सकारात्मक बदलाव चाहती है।
सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर तैयारी तेज करने और मतदाता सूची को दुरुस्त कराने पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य दिए जाने की जानकारी भी दी।

Check Also

बसपा ने जलालपुर सीट पर खोला पत्ता, दयाराम राजभर को बनाया प्रत्याशी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार अंबेडकरनगर। बहुजन समाज पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES