वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र कुमार जैन ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने जिस शौर्य का प्रदर्शन कर कथित 9/11 जैसे हमले की साजिश को विफल किया, उसके लिए विहिप उनका अभिनंदन करती है। उन्होंने कहा कि कट्टरपंथी हिंसा आज पूरी मानवता के लिए चुनौती है और इससे निपटने के लिए विश्व समुदाय को साझा रणनीति अपनानी चाहिए।
प्रेसवार्ता में डॉ. जैन ने आरोप लगाया कि भारत लंबे समय से कट्टरपंथी हिंसा से प्रभावित रहा है। उन्होंने धार्मिक आयोजनों, बस्तियों और लोगों पर हमलों तथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों का उल्लेख करते हुए चिंता जताई। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल के अनुसार, जनवरी से 31 अगस्त 2026 के बीच कथित तौर पर 254 हिंदुओं की हत्या की सूची जारी की गई है। संगठन का दावा है कि इसमें केवल वे मामले शामिल हैं, जिनकी जानकारी मीडिया तक पहुंची।
डॉ. जैन ने कहा कि देश को दलगत हितों से ऊपर उठकर हिंसा और कट्टरपंथ के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने सरकारों से धार्मिक आधार पर हिंसा के मामलों की त्वरित सुनवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कानून का कठोरता से पालन सुनिश्चित करने की मांग की। विहिप ने मदरसों पर निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत करने तथा कट्टरपंथ को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर नजर रखने की भी मांग की। संगठन ने मुस्लिम समाज के शांतिप्रिय नेतृत्व से अलगाववादी और हिंसक प्रवृत्तियों के खिलाफ आवाज उठाने तथा शांतिपूर्ण सहअस्तित्व को बढ़ावा देने की अपील की।
डॉ. जैन ने कहा कि विहिप और बजरंग दल परिस्थितियों को मूकदर्शक बनकर नहीं देखेंगे और हिंदुओं की सुरक्षा के लिए संविधान सम्मत उपायों पर विचार किया जा रहा है।