वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान (KSSSCI) में सोमवार को गोल्ड सितंबर के तहत चाइल्डहुड कैंसर अवेयरनेस डे मनाया गया। पीडियाट्रिक आन्कोलाजी और पब्लिक हेल्थ विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में होने वाले कैंसर के प्रति समाज और स्वास्थ्यकर्मियों को जागरूक करना रहा। संस्थान के निदेशक प्रो. एमएल भट्ट और विभागाध्यक्ष डॉ. गीतिका पंत के निर्देशन में कार्यक्रम हुआ।
विशेषज्ञों ने कहा कि बच्चों में कैंसर की समय पर पहचान और उचित उपचार से स्वस्थ होने की संभावना बढ़ जाती है। अभिभावकों और स्वास्थ्यकर्मियों को बीमारी के शुरुआती संकेतों के प्रति सजग रहने की जरूरत है, जिससे बच्चों को समय पर उपचार मिल सके।
कार्यक्रम में कैंसर से जंग जीत चुके बच्चों और उपचार करा रहे कैंसर वारियर्स ने भी हिस्सा लिया। इनमें सिद्धार्थनगर के 13 वर्षीय सनी और हरदोई के 15 वर्षीय अमन शामिल रहे, जो रक्त कैंसर से पीड़ित रहे हैं। रायबरेली के तीन वर्षीय अक्षत और बहराइच की नौ वर्षीय सृष्टि चौहान ने भी सहभागिता की। सृष्टि जर्म सेल ट्यूमर से पीड़ित रही हैं। जागरूकता बढ़ाने के लिए क्विज का आयोजन भी किया गया। इसमें समाज के लोगों, अभिभावकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया। क्विज के माध्यम से बाल कैंसर की पहचान, उपचार और बचाव से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डॉ. विजेंद्र कुमार, डॉ. वरुण विजय, डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, डॉ. आयुष लोहिया और डॉ. राखी जैन समेत संस्थान के चिकित्सक मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बाल कैंसर को लेकर सकारात्मक संदेश देने और समय पर उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।