वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। रालोद छात्रसभा, उत्तर प्रदेश ने सोमवार से प्रदेशव्यापी “RLD Campus Connect” अभियान की शुरुआत की। अभियान के शुभारंभ पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों व युवाओं से सीधा संवाद किया जाएगा।
रालोद प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना जरूरी है। अभियान के माध्यम से छात्रों की समस्याओं और सुझावों को समझकर उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। छात्रसभा प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के साथ नशा-मुक्ति, स्वास्थ्य, खेल तथा सामाजिक भागीदारी भी युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। अभियान के तहत Student Dialogue, Student Panchayat, Sports & Fitness, Say No to Drugs और Youth in Public Life सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर छात्रों की शैक्षणिक और परिसर संबंधी समस्याओं तथा सुझावों को संकलित कर उन्हें उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
अमन पाण्डेय ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा में युवा, शिक्षा, गांव और किसान केंद्र में रहे हैं। युवाओं को वर्षभर संवाद, शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह जैसे क्रांतिकारियों के विचारों से प्रेरणा लेकर युवाओं में समाज और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना भी अभियान का उद्देश्य है। अभियान के तहत 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मेरठ में बड़ी छात्र पंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें छात्र और युवा शिक्षा, रोजगार, खेल, नशा-मुक्ति तथा सामाजिक एवं लोकतांत्रिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर संवाद करेंगे। अभियान को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के सभी जनपदों तक पहुंचाने की तैयारी है।