Breaking News

पेटीज खाने के बाद छात्र प्रिंस सोनी की मौत, स्कूल पर लापरवाही के आरोप; न्याय की मांग को लेकर कैंडल मार्च

– आज मेरा प्रिंस गया, कल किसी का न जाए…’ बिलखती मां बोली- बंद हो स्कूल
– ‘मेरा बेटा वापस ला दो…’ मां के आंसू नहीं थम रहे, स्कूल में पेटीज खाने के बाद इकलौते बेटे की मौत से टूटे पिता
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
जयपुर। झोटवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल में 12वीं के छात्र प्रिंस सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला गरमा गया है। 17 वर्षीय प्रिंस की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल की कैंटीन से पेटीज खाने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिवार ने समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाने का भी आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक, प्रिंस बुधवार सुबह घर से बिल्कुल स्वस्थ होकर स्कूल गया था। करीब 11 बजे लंच के दौरान उसने सहपाठी यश शर्मा के साथ कैंटीन से पेटीज खरीदी। यश का दावा है कि प्रिंस ने पेटीज का करीब आधा हिस्सा खाया और इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसने पेटीज से बदबू आने की बात भी कही है। हालांकि, इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना से जुड़े CCTV फुटेज पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। फुटेज में तबीयत बिगड़ने के बाद प्रिंस को सहारा देकर एक कमरे की ओर ले जाते और उसे हवा करते लोग दिखाई दे रहे हैं। परिवार का आरोप है कि बेहोशी की हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाना चाहिए था। पिता अमित सोनी के अनुसार, स्कूल से सुबह करीब 11:14 बजे पहला फोन आया था। बाद में बेटे के बेहोश होने की सूचना मिली। परिवार का सवाल है कि अगर उसे समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो क्या उसकी जान बच सकती थी।
पुलिस ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी प्रशांत किरण के अनुसार, मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस कैंटीन की खाद्य सामग्री और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
प्रिंस की मौत के बाद श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर स्कूल तक कैंडल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच, मौत की वास्तविक वजह सामने लाने और लापरवाही साबित होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रिंस को न्याय मिलने तक उनकी आवाज उठती रहेगी।

Check Also

सबसे अमीर गणपति : 66 किलो सोना, 335 किलो चांदी और 703 करोड़ का बीमा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार मुंबई। गणेश महोत्सव के आगाज से पहले मायानगरी में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES