Breaking News

भगवा पगड़ी में नजर आए योगी आदित्यनाथ ने कहा- देश को कमजोर करने वाली ताकतों से रहें सावधान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को उत्तर प्रदेश देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानभवन परिसर में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में पहली बार राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। हेलीकॉप्टर से विधानभवन परिसर में पुष्पवर्षा भी की गई।
ध्वजारोहण के बाद बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल के लोकगीतों पर कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश से आए कलाकारों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने शहीदों और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित जवानों के परिजनों को सम्मानित किया। समारोह में मुख्यमंत्री भगवा पगड़ी में नजर आए, जबकि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक धोती-कुर्ता पहने दिखे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर भी ध्वजारोहण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अराजकता और अशिक्षा से मुक्त करने के साथ ही देश को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि देश को बांटने वाली शक्तियों से सावधान रहना होगा। गरीब, युवा, महिला और किसान देश के चार प्रमुख वर्ग हैं और इनके लिए किए जा रहे कार्यों से विकास को नई गति मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सुशासन के मॉडल के कारण पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है और चार करोड़ से अधिक रोजगार के अवसरों का सृजन हुआ है। बड़े उद्योगों की संख्या ढाई गुना बढ़ी है, जबकि 22 हजार से अधिक स्टार्टअप प्रदेश में स्थापित हुए हैं। नौ लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि इंसेफ्लाइटिस जैसी संचारी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण हासिल किया गया है। स्कूलों में ड्रॉपआउट दर 19 प्रतिशत से घटकर करीब तीन प्रतिशत रह गई है। पिछले नौ वर्षों में शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के मानदेय में भी सुधार किया गया है।
स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशभर में घरों, दुकानों और सरकारी-गैर सरकारी इमारतों पर तिरंगा लहराया। चौराहों और सरकारी कार्यालयों को तिरंगे से सजाया गया। आगरा में बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकाली, जबकि वाराणसी में बाबा विश्वनाथ मंदिर को तिरंगा स्वरूप में सजाया गया।

Check Also

राजस्व वादों के निस्तारण ने पकड़ी रफ्तार, सात माह में लाखों मामलों का हुआ फैसला

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES