– नौ अगस्त को मेरठ में होगा कार्यक्रम
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। सावन की कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांवड़ यात्रियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा करेंगे। शासन की ओर से नौ और 10 अगस्त को कांवड़ यात्रा मार्गों पर पुष्पवर्षा का कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके तहत मुख्यमंत्री पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कांवड़ियों का स्वागत करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार नौ अगस्त को मुख्यमंत्री बागपत में सुबह 10:30 से 11:15 बजे तक कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करेंगे। इसके बाद सहारनपुर में सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक पुष्पवर्षा का कार्यक्रम निर्धारित है। मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 से 2:15 बजे तक मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा करेंगे।
नौ अगस्त का प्रमुख कार्यक्रम मेरठ में होगा। यहां शाम 3:45 से 4:30 बजे तक कांवड़ यात्रा मार्ग पर मुख्यमंत्री पुष्पवर्षा करेंगे। इसके लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। 10 अगस्त को पुष्पवर्षा का कार्यक्रम गाजियाबाद से शुरू होगा। यहां सुबह 8:30 से 9:15 बजे तक कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके बाद हापुड़ में सुबह 9:45 से 10:30 बजे तक और बुलंदशहर में 11:15 बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्यक्रम होगा।
मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वागत और उनकी धार्मिक यात्रा के प्रति सम्मान प्रकट करने के तौर पर देखा जा रहा है। पुष्पवर्षा के दौरान प्रशासन को भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।