वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। बीबीडी ग्रुप के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लखनऊ के पूर्व महापौर डॉ. अखिलेश दास गुप्ता की 65वीं जयंती राजधानी में सेवा और संकल्प दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर बीबीडी विश्वविद्यालय परिसर में ‘स्टार नाइट’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं विराज टावर और पुराना किला स्थित उनके पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। कार्यक्रमों में परिवारजनों, समर्थकों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बीबीडी ग्रुप की चेयरपर्सन अलका दास, वाइस प्रेसीडेंट देवांशी दास और सोनाक्षी दास सहित अन्य सदस्यों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
फाउंडेशन डे के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायिका कनिका कपूर ने अपनी प्रस्तुति दी, जिसे डॉ. गुप्ता के जीवन और योगदान को समर्पित किया गया। इसके साथ ही सामाजिक सरोकारों के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य किए गए। ऑल इंडिया वाल्मीकि महासभा द्वारा परिवर्तन चौराहा स्थित चेतना वाटिका में खिचड़ी भोज आयोजित किया गया। संत मदर टेरेसा आश्रम में फल वितरण और केक काटकर जयंती मनाई गई, जबकि सिविल अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को भोजन व फल वितरित किए गए। नरही क्षेत्र में स्कूली बच्चों को बैग और किट भी बांटे गए।
सायंकाल पुराना किला स्थित आवास पर आयोजित संगोष्ठी में विराज सागर दास ने कहा कि उनके पिता का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित था और उनकी विरासत को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में डॉ. गुप्ता के योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
डॉ. अखिलेश दास गुप्ता ने शिक्षा के क्षेत्र में कई संस्थानों की स्थापना कर युवाओं को नई दिशा दी, वहीं खेल जगत में विशेषकर बैडमिंटन के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। जयंती के अवसर पर लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों और नई दिल्ली में भी उन्हें श्रद्धा के साथ याद किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।