– निवेश मित्र 3.0 का शुभांरभ
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। लखनऊ के लोक भवन में मंगलवार को प्रदेश सरकार ने निवेश को बढ़ावा देने और उद्योग स्थापना को सरल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए निवेश मित्र 3.0 पोर्टल का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एआई आधारित इस उन्नत सिंगल विंडो पोर्टल को लॉन्च करते हुए कहा कि यह पहल उत्तर प्रदेश को 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति देगी। इसके साथ ही यूपी प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट स्कीम-2025 और डीबीएफओटी (पीपीपी) मॉडल पर आधारित प्लग-एंड-प्ले इंडस्ट्रियल शेड्स योजना की भी शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के दौरान मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग और ऑटोमोबाइल समेत विभिन्न क्षेत्रों की 85 कंपनियों को लेटर्स ऑफ कम्फर्ट, एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट, भूमि आवंटन पत्र और 2,781.12 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की गई। साथ ही इन्वेस्ट यूपी द्वारा एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट और स्किल कनेक्ट को बढ़ावा देने के लिए दो कंपनियों और द कन्वर्जेंस फाउंडेशन के साथ एमओयू भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में निवेश का माहौल नहीं था और माफिया का प्रभाव इतना था कि निवेशक यूपी आने से कतराते थे। उन्होंने कहा कि उस समय समानांतर सरकार जैसी स्थिति थी और कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करता था। सरकार ने माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया, जिससे आज निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
सीएम योगी ने प्रदेश की बदली तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यूपी में केवल लखनऊ और वाराणसी के दो एयरपोर्ट ही पूरी तरह सक्रिय थे, जबकि गोरखपुर और आगरा सीमित रूप से संचालित होते थे। आज प्रदेश में 16 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। उन्होंने बताया कि जेवर में बन रहा देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जल्द ही शुरू होगा, जो भविष्य में बड़ा कार्गो और लॉजिस्टिक हब बनेगा। इसके साथ ही वहां एमआरओ सुविधा भी विकसित की जा रही है, जिससे विमान रखरखाव के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी।