Breaking News

बजट में गांव और गरीब को प्राथमिकता, वीबी-जी राम जी योजना से बढ़ेगा ग्रामीण रोजगार: डॉ. निर्मल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। विधान परिषद सदस्य एवं उत्तर प्रदेश दैवीय आपदा प्रबंधन समिति के सभापति डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने आम बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने बजट में गांव, गरीब और किसान के हितों का विशेष ध्यान रखा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार नई योजना ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ यानी वीबी-जी राम जी को लागू करने की तैयारी कर रही है, जिसके लिए 95,692.31 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही मनरेगा के लिए 30,000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
डॉ. निर्मल ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में साल में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी गई है। यह योजना वर्ष 2005 में शुरू की गई महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत संचालित दो दशक पुरानी ग्रामीण रोजगार योजना का स्थान लेगी। नई व्यवस्था से ग्रामीण गरीबों को अधिक दिनों तक काम मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना के लागू होने से गांवों से शहरों की ओर हो रहे पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी। साथ ही ग्रामीण युवाओं को अपने गांव में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। डॉ. निर्मल ने कहा कि यह केंद्रीय बजट 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करता है और सुधारों की यात्रा को और सशक्त बनाता है। उन्होंने इसे विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में स्पष्ट रोडमैप वाला बजट बताया। उनका कहना था कि इस बजट से महंगाई पर नियंत्रण होगा और आमजन को राहत मिलेगी।

Check Also

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व होली उत्सव पर आईएमए में जुटे चिकित्सक, महिला डॉक्टरों को मिला सम्मान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) लखनऊ और लखनऊ ऑब्स्टेट्रिक्स …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES