वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
कानपुर। कानपुर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को आईएएस अधिकारी और कानपुर का जिलाधिकारी बताकर अपनी होने वाली पत्नी से करोड़ों की ठगी की। फर्जी जॉइनिंग लेटर और पोस्टिंग से जुड़ा नकली ईमेल दिखाकर आरोपी ने युवती और उसके परिवार को भरोसे में लिया और इंटरव्यू, तैनाती और ऊपर तक पैसे देने के नाम पर भारी रकम ऐंठ ली। कल्याणपुर थाना पुलिस ने खुद को डीएम बताने वाले जालसाज नितेश कुमार पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने प्रमुख सचिव के नाम से फर्जी चयन पत्र तैयार कराया था और 5 जुलाई 2025 को कानपुर डीएम के पद पर तैनाती का नकली ईमेल दिखाया। आरोपी का परिचय युवती से एक रिश्तेदार दिवाकर ने कराया था। शुरुआत में नितेश ने खुद को सिविल सेवा की तैयारी करने वाला छात्र बताया, लेकिन बाद में फर्जी दस्तावेज दिखाकर आईएएस बनने का दावा किया। झांसे में आए परिवार ने शादी तय कर दी, जिसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बहानों से रुपये लेना शुरू कर दिया। कई महीनों तक जब उसकी वास्तविक पोस्टिंग नहीं हुई तो युवती को शक हुआ। पूछताछ करने पर टालमटोल शुरू हो गई, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने बेहद शातिर तरीके से फर्जी ईमेल आईडी और लेटरहेड तैयार किए थे।
डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि अब तक 26 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पीड़िता ने कुल 71 लाख रुपये देने का दावा किया है। जब युवती ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसी डर के चलते पीड़िता ने एफआईआर दर्ज कराई।
पुलिस आरोपी के भाई, भाभी और बिचौलिए की भूमिका की भी जांच कर रही है। सभी को नामजद किया गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।