Breaking News

तेज रफ्तार डीसीएम का कहर, बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर मौत; चाची की हालत नाजुक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
कानपुर। घाटमपुर के सजेती थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथा चौराहे के पास रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवारों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल कानपुर रेफर किया गया है।
साढ़ थाना क्षेत्र के सूलपुर गांव निवासी अर्पित पाल (17) पुत्र मथुरा पाल अपनी मां अनीता पाल (50) और चाची आकांक्षा (35) पत्नी गोकुल पाल के साथ बाइक से झंडापुर कोरिया जा रहे थे। परिवार को बुआ के नवजात बेटे के निधन की सूचना मिली थी, जिसके चलते वे शोक व्यक्त करने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कैथा चौराहे के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्पित और उसकी मां अनीता पाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चाची आकांक्षा गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाटमपुर पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अर्पित अपनी दो बहनों श्रद्धा उर्फ रोली पाल और सपना पाल का इकलौता भाई था। एक ही हादसे में पत्नी और बेटे को खोने से पिता सत्येंद्र पाल का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस डीसीएम चालक की तलाश में जुटी है।

Check Also

समान अवसर और सम्मान से ही बनेगा समरस समाज: जयंत चौधरी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES