Breaking News

केजीएमयू में धर्मांतरण मामले में बवाल, हिंदू संगठन वीसी ऑफिस में घुसे… किया तोड़फोड़

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में धर्मांतरण और यौन शोषण के आरोपों को लेकर शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने केजीएमयू परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासनिक भवन में घुसकर हंगामा किया। इस दौरान कार्यकर्ता कुलपति कार्यालय तक पहुंच गए, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए तोड़फोड़ की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शनकारी कुलपति सोनिया नित्यानंद के कार्यालय में दाखिल हो गए और करीब पांच मिनट तक कार्यालय का दरवाजा नहीं खोला गया। इस दौरान केजीएमयू प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए, जिससे परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि केजीएमयू में धर्मांतरण और यौन शोषण जैसे गंभीर मामलों में प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी डॉक्टर डॉ. रमीज की गिरफ्तारी की मांग की, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव भी केजीएमयू पहुंचीं और उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया और संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की।
घटनाक्रम के बाद कुलपति सोनिया नित्यानंद ने मामले को लेकर बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि केजीएमयू में इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग करेगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Check Also

विराज सागर दास ने दी प्रदेशवासियों को नव संवत्सर और चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। बीबीडी ग्रुप के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश बैडमिंटन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES