Breaking News

लखनऊ के एरा मेडिकल कॉलेज में बड़ी लापरवाही, पेट में सर्जिकल औजार छोड़ा

– दर्द में पेन किलर देते रहे, 15 डॉक्टरों पर केस
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के एरा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डॉक्टरों की गंभीर लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सर्जरी के दौरान एक महिला के पेट में सर्जिकल औजार छोड़ दिए जाने का आरोप है। पीड़िता करीब ढाई से तीन साल तक असहनीय दर्द से जूझती रही, लेकिन इलाज के नाम पर उसे केवल पेन किलर दिए जाते रहे। सच्चाई सामने आने के बाद कोर्ट के आदेश पर 15 डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एल्डेको सिटी ब्रिज आईआईएम क्रॉसिंग की रहने वाली रूप सिंह पत्नी होशियार सिंह का आरोप है कि फरवरी 2023 में एरा मेडिकल कॉलेज में उनकी सर्जरी की गई थी। ऑपरेशन के बाद से ही उन्हें लगातार पेट में तेज दर्द होने लगा। पीड़िता का कहना है कि वह बार-बार अस्पताल जाती रहीं, लेकिन डॉक्टरों ने दर्द की असली वजह जानने के बजाय दवाइयां देकर घर भेज दिया। इस दौरान इलाज के नाम पर करीब पांच लाख रुपये खर्च हो गए। दर्द असहनीय होने पर 2 अगस्त 2025 को एरा अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने एपेंडिसाइटिस बताकर तत्काल ऑपरेशन कराने की सलाह दी। संदेह होने पर पीड़िता ने 8 और 9 अगस्त 2025 को चरक अस्पताल में सीटी स्कैन कराया। जांच रिपोर्ट में पेट के अंदर सर्जिकल औजार होने की पुष्टि हुई। इसके बाद 20 अगस्त 2025 को चरक अस्पताल में ऑपरेशन कर पेट से सर्जिकल औजार निकाला गया। डिस्चार्ज समरी में इसका स्पष्ट उल्लेख किया गया है। ऑपरेशन के बाद पीड़िता की हालत बिगड़ गई, जिससे उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा।
पीड़िता का आरोप है कि एरा अस्पताल में किए गए अल्ट्रासाउंड में भी औजार दिखाई दिया था, लेकिन डॉक्टरों ने जानबूझकर गलत रिपोर्ट तैयार कर सच्चाई छिपाई। पीड़िता ने 27 और 28 अगस्त 2025 को पुलिस आयुक्त सहित संबंधित थानों में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः कोर्ट के आदेश पर एरा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के 15 डॉक्टरों के खिलाफ लापरवाही और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। ठाकुरगंज थाना इंस्पेक्टर के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।

Check Also

नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी छेदी लाल गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। थाना महानगर पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES