Breaking News

पौष पूर्णिमा पर प्रयाग जंक्शन व फाफामऊ में यात्री प्रबंधन का सफल संचालन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। माघ मेला–2026 के प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा प्रयाग जंक्शन एवं फाफामऊ स्टेशनों पर यात्री प्रबंधन का सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के कुशल नेतृत्व में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक इंतजाम किए गए।
आज 3 जनवरी 2026 को पौष पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए लखनऊ मंडल में कुल आठ मेला विशेष एवं रिंग रेल ट्रेनों का संचालन किया गया। स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, सुव्यवस्थित प्रवेश और निकास व्यवस्था, अतिरिक्त टिकट काउंटर, कैटरिंग स्टॉल, एम-यूटीएस सुविधा, फुट ओवर ब्रिज और प्लेटफॉर्म प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था की गई। इसके साथ ही निरंतर साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई। पूरे स्टेशन परिसर की सतत निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर के माध्यम से की जाती रही।
भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन प्रबंधन को मजबूत बनाए रखने के लिए स्पष्ट संकेतक, यात्री मार्गदर्शन व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं का भी समन्वित प्रबंध किया गया। माघ मेला अवधि के दौरान अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रयाग जंक्शन, फाफामऊ, वाराणसी, अयोध्या कैंट और अयोध्या धाम स्टेशनों पर 440 अतिरिक्त वाणिज्यिक स्टाफ तैनात किए गए। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रयाग जंक्शन, अयोध्या और वाराणसी में 400 आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई।
सुरक्षा की दृष्टि से प्रयाग जंक्शन पर बम निरोधक दस्ते द्वारा स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, होल्डिंग एरिया और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की गई। इसके अतिरिक्त सिविल डिफेंस टीम ने बुजुर्ग, दिव्यांग और जरूरतमंद यात्रियों को मार्गदर्शन और सहायता प्रदान की। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल माघ मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Check Also

स्वास्थ्य से खेती तक माइक्रोबायोम तकनीक का सहारा लेगी योगी सरकार, तैयार हुआ प्लान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, नदियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *