Breaking News

इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला में चंद्रग्रहण अवलोकन का निःशुल्क कार्यक्रम, दिखेगा ‘ब्लड मून’ का नजारा

– वर्ष का पहला पूर्ण चंद्र ग्रहण जो कि लखनऊ से आंशिक दिखाई देगा।
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। 3 मार्च 2026 की शाम आकाश में वर्ष का पहला पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखाई देगा। यदि मौसम साफ रहा तो लखनऊ सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में इसका अंतिम चरण देखा जा सकेगा। पूर्ण अवस्था में चंद्रमा लालिमा लिए दिखाई दे सकता है, जिसे सामान्य भाषा में ‘ब्लड मून’ कहा जाता है।
इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ द्वारा इस अवसर पर नक्षत्रशाला परिसर में जनसामान्य के लिए विशेष रात्रि आकाश दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत टेलिस्कोप के माध्यम से चंद्रग्रहण का अवलोकन कराया जाएगा। यह आयोजन सायंकाल से रात्रि 7 बजे तक चलेगा और पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश अमेच्योर एस्ट्रोनॉमर्स क्लब के सहयोग से किया जाएगा।
वैज्ञानिकों के अनुसार भारत के अधिकांश हिस्सों में चंद्रमा उदित होते समय ग्रहण की प्रक्रिया जारी रहेगी। लखनऊ में सूर्यास्त लगभग 6:08 बजे होगा, इसलिए चंद्रमा पूर्व दिशा में क्षितिज के पास दिखाई देगा। उस समय पूर्ण चरण समाप्त हो चुका होगा, लेकिन आंशिक चरण जारी रहेगा। इस दौरान चंद्रमा हल्का धुंधला या लालिमा लिए नजर आ सकता है। लखनऊ से ग्रहण देखने की संभावित अवधि लगभग 39 मिनट आंकी गई है।
चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है और उसकी छाया चंद्रमा पर पड़ती है। पृथ्वी का वायुमंडल नीली रोशनी को अधिक बिखेर देता है और लाल रोशनी को आगे जाने देता है, इसी कारण पूर्ण चंद्र ग्रहण के समय चंद्रमा तांबे या लाल रंग का दिखाई देता है। यह खगोलीय घटना खगोल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
लखनऊ में चंद्र ग्रहण का समय निम्नवत हैं-
1. लखनऊ में सूर्यास्त का समय 18:08
2. उपछायी चन्द्र ग्रहण का प्रारंभ 14:14
3. आंशिक चन्द्र ग्रहण का प्रारंभ 15:20
4. पूर्ण चन्द्र ग्रहण प्रारंभ 16:34
5. पूर्ण चन्द्र ग्रहण की समयावधि 59 मिनट्स
6. पूर्ण चन्द्र ग्रहण का समापन 17:33
7. आंशिक चन्द्र ग्रहण समाप्त 18:47
8. उपछायी चन्द्र ग्रहण समापन 19:53
9. लखनऊ में चन्द्र ग्रहण के दिखाई देने की संभावित अवधि – 39 मिनट्स

Check Also

इंडियन जूलॉजिकल वेलफेयर सोसाइटी की प्रथम वार्षिक बैठक में पशु विज्ञान के नए रुझानों पर मंथन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। Indian Zoological Welfare Society द्वारा Sri Krishna Dutt …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES