Breaking News

देव दीपावली पर काशी हुई आलोकित, गंगा आरती ने रचा अद्भुत आध्यात्मिक वातावरण

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ/वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली के पावन अवसर पर प्राचीन नगरी काशी बुधवार की शाम लाखों दीयों की लौ से जगमगा उठी। गंगा के दोनों तटों पर सजे दीपों की पंक्तियों ने अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया, जिससे पूरा शहर भक्ति, प्रकाश और उत्सव की भावना से आलोकित हो उठा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गंगा तट पर दीप प्रज्ज्वलित कर इस अनूठे पर्व की दिव्यता में सहभागिता की।
लगभग 15 लाख दीयों की रौशनी से सजी काशी में देश-विदेश से आए श्रद्धालु और पर्यटक मंत्रमुग्ध हो गए। नमो घाट, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट और अस्सी घाट पर विशेष गंगा आरती का आयोजन हुआ, जिसकी घंटियों, शंखनाद और मंत्रोच्चार से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। साथ ही गाय घाट, पंचगंगा घाट, दंडकारिणी घाट और तुलसी घाट पर भी सामूहिक गंगा आरती हुई, जिससे संपूर्ण गंगा तट एक साथ श्रद्धा और उत्साह से गूंज उठा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी आज वैश्विक संस्कृति और आस्था का केंद्र बन गई है। देव दीपावली ने काशी की आध्यात्मिकता को विश्व पटल पर पुनः स्थापित किया है। गंगा प्रवाह पर दीपों की झिलमिलाहट ने मानो तारों की धारा का दृश्य प्रस्तुत किया। घाटों और मंदिरों में दीप सज्जा के साथ शहर के 97 प्रमुख स्थलों पर भी प्रकाश फैलाया गया। विदेशी पर्यटकों ने भी इस दृश्य को जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया। देव दीपावली ने एक बार फिर काशी की प्राचीन परंपरा, एकता और आध्यात्मिक गौरव को नये प्रकाश में स्थापित किया।

Check Also

हर सप्ताह होगा भर्ती इवेंट, छह माह में एक लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी: योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगले छह …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES