Breaking News

RMLIMS में संरचनात्मक हृदय रोगों हेतु “3डी इको” पर कार्यशाला का सफल आयोजन

– आरएमएलआईएमएस लखनऊ में चिकित्सकों और विद्यार्थियों को दी गई उन्नत हृदय इमेजिंग तकनीक की प्रशिक्षण जानकारी
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के हृदय रोग विभाग द्वारा “संरचनात्मक हृदय रोगों हेतु 3डी इको (3D Echo for Structural Heart Diseases)” विषय पर एक उच्चस्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन संस्थान के प्रशासनिक भवन स्थित ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य चिकित्सकों, रेज़िडेंट्स एवं तकनीशियनों को हृदय की संरचनात्मक बीमारियों के निदान में प्रयुक्त तीन-आयामी इकोकार्डियोग्राफी (3D Echocardiography) तकनीक की नवीनतम प्रगति एवं नैदानिक अनुप्रयोगों से परिचित कराना था। कार्यक्रम का उद्घाटन निदेशक प्रो. (डॉ.) सी. एम. सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि आरएमएलआईएमएस चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और रोगी सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा इस प्रकार के अकादमिक आयोजन चिकित्सकों को नवीनतम तकनीकों से जोड़ते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रो. (डॉ.) भुवन चन्द्र तिवारी, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, हृदय रोग विभाग ने कहा कि 3डी इको तकनीक हृदय रोगों के निदान और प्रबंधन में एक महत्वपूर्ण उपकरण बन चुकी है, जो चिकित्सकों को हृदय की संरचना को वास्तविक रूप में देखने और सटीक उपचार योजना बनाने में मदद करती है।
मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सतीश सी. गोविंद, मुख्य गैर-आक्रामक हृदय रोग विशेषज्ञ एवं सचिव, मेडिकल एथिक्स कमेटी, नारायणा इंस्टिट्यूट ऑफ कार्डियक साइंसेज़, बेंगलुरु उपस्थित रहे। उन्होंने “3डी इको” तकनीक के विविध पहलुओं पर व्याख्यान दिया और लाइव प्रदर्शन के माध्यम से इसके व्यावहारिक उपयोग का परिचय कराया। कार्यशाला में कुल 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 5 संकाय सदस्य, 5 तकनीशियन और 20 रेज़िडेंट डॉक्टर शामिल थे। उन्हें 3डी इमेज अधिग्रहण, सॉफ्टवेयर विश्लेषण एवं संरचनात्मक विकृतियों की व्याख्या पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यशाला संयोजक डॉ. आशीष झा, अतिरिक्त प्रोफेसर, हृदय रोग विभाग ने किया। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण युवा चिकित्सकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा और संस्थान में उन्नत हृदय इमेजिंग सेवाओं को और सशक्त करेगा।

 

Check Also

कौशल विकास मिशन का बड़ा कदम, युवाओं को मिलेगा फ्यूचर-रेडी प्रशिक्षण : कपिल देव अग्रवाल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारलखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES